
पुंछ: पुंछ के उपमंडल मेंढर में बुधवार को आईटीआई प्रशिक्षित दिहाड़ीदार कर्मचारियों और लैंड डोनर्स ने अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए घोषणा की कि वे 20 मार्च से 72 घंटे की हड़ताल पर जाएंगे।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उन्होंने अपना आधा जीवन विभाग की सेवाओं में समर्पित कर दिया, लेकिन सरकार ने उनके साथ किए गए वादे पूरे नहीं किए। वेतन में असमानता और न्यूनतम मजदूरी न मिलने के कारण उनका परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। इसके चलते उनके बच्चों की शिक्षा और पालन-पोषण भी प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे बड़े पैमाने पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की, ताकि वे बिना किसी बाधा के अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें।
सरकार के प्रति गहरा रोष व्यक्त करते हुए प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि इस बार भी उनकी मांगों को नजरअंदाज किया गया, तो उनका विरोध प्रदर्शन और अधिक तीव्र हो जाएगा।