सोनीपत: अब चंडीगढ़ जाने वाले यात्रियों को देर शाम तक बस सेवा का लाभ मिल सकेगा। सोनीपत रोडवेज विभाग ने चंडीगढ़ रूट पर बसों की संख्या बढ़ाकर 26 कर दी है। इसके साथ ही अंतिम बस का समय भी बढ़ा दिया गया है। अब शाम 6 बजे तक सोनीपत बस अड्डे से चंडीगढ़ के लिए बस उपलब्ध होगी, जबकि पहले यह सेवा शाम 5 बजे तक ही थी।
इस निर्णय से उन यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी, जिनका काम देर शाम तक चलता है। चंडीगढ़, जो प्रदेश की राजधानी और हाई कोर्ट का केंद्र है, वहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग जाते हैं। अब यात्रियों को मुरथल या बहालगढ़ की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी और उन्हें सीधा सोनीपत बस अड्डे से बस मिल जाएगी।
शंभू बॉर्डर खुलने से सफर हुआ आसान
इसके अलावा, शंभू बॉर्डर पर किसानों के आंदोलन की वजह से प्रभावित बस सेवाएं भी सामान्य हो रही हैं। पंजाब सरकार द्वारा बॉर्डर को खोलने की प्रक्रिया शुरू करने के बाद, सोनीपत से कटरा, लुधियाना, अमृतसर और जालंधर के लिए बसें अब सीधी जा सकेंगी। इससे यात्रियों का समय भी बचेगा और यात्रा अधिक सुगम होगी।