शंभू बॉर्डर पर आवाजाही पूरी तरह बहाल


शंभू: किसानों के आंदोलन के कारण 13 महीनों से बंद हरियाणा-पंजाब की शंभू सीमा गुरुवार रात (20 मार्च) को खोल दी गई। अब अंबाला और राजपुरा के बीच दोनों लेनों पर आवाजाही शुरू हो गई है, जिससे पंजाब से हरियाणा और दिल्ली जाने वाले लोगों को राहत मिलेगी।  

इसके साथ ही हरियाणा पुलिस ने दिल्ली-पटियाला हाईवे पर खनौरी बॉर्डर पर भी अपने क्षेत्र की दोनों लेन खोल दी हैं। यहां से सीमेंट की बैरिकेडिंग हटा दी गई है। हालांकि, पंजाब की ओर अब भी किसानों की ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खड़ी हैं, जिसके कारण यातायात धीमी गति से चल रहा है।  

बुधवार (19 मार्च) की रात को पुलिस ने शंभू और खनौरी बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे किसानों को हटा दिया था। इसके विरोध में पंजाब के कई जिलों में किसानों ने प्रदर्शन किए। हाईवे जाम करने की कोशिश के दौरान बठिंडा, मुक्तसर, मोगा, फरीदकोट और होशियारपुर में किसानों की पुलिस से झड़प भी हुई। अब बॉर्डर खुलने के बाद यातायात के जल्द सामान्य होने की उम्मीद है।

Previous Post Next Post