चंडीगढ़: पंजाब में गर्मी ने दस्तक दे दी है। राज्य में अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है, जो सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार, बठिंडा में सबसे अधिक तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे ऊंचा तापमान है।
हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद आज पंजाब के सात जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों ने भविष्यवाणी की है कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है, जिसमें हर दिन 1 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। अगले हफ्ते तक राज्य के अधिकांश शहरों में तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
पठानकोट, फिरोजपुर, मोगा, बठिंडा, फाजिल्का, फरीदकोट और मुक्तसर साहिब में आज बारिश होने के आसार हैं और इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, राज्य के अन्य शहरों में धूप के साथ बादल छाए रहने की संभावना है।