पुलवामा में डी.जी.पी. नलिन प्रभात ने जनता दरबार लगाया, नार्को-आतंकवाद पर सख्त कार्रवाई का ऐलान

 


पुलवामा : जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (डी.जी.पी.) नलिन प्रभात ने शुक्रवार को नार्को-आतंकवाद में शामिल अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि कानून प्रवर्तन एजेंसियां इस खतरे को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।  

डी.जी.पी. प्रभात ने दक्षिण कश्मीर के राजपोरा खेल मैदान में पहली बार जनता दरबार लगाया, जहां उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान आई.जी.पी. कश्मीर वी.के. बिरदी, डी.आई.जी. दक्षिण कश्मीर जावेद इकबाल और एस.एस.पी. पुलवामा पी.डी. नित्या भी मौजूद रहे।  

जनता दरबार में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक, युवा, व्यापार संघ के सदस्य, एस.टी. समुदाय, औकाफ के सदस्य और सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी शामिल हुए। नागरिकों ने डी.जी.पी. के सामने पुलिस पब्लिक स्कूल और नशा मुक्ति केंद्र की मांग उठाई। साथ ही, राजपोरा तहसील में एस.पी.ओ. (स्पेशल पुलिस ऑफिसर) भर्ती की भी मांग की गई। डी.जी.पी. प्रभात ने जनता को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाया जाएगा और नार्को-आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Previous Post Next Post