केंद्र सरकार और किसानों के बीच सातवें दौर की वार्ता आज, MSP समेत मांगों पर होगी चर्चा



नई दिल्ली: फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) समेत अन्य मांगों को लेकर आज, 19 मार्च को केंद्र सरकार और किसानों के बीच सातवें दौर की वार्ता शुरू होने जा रही है। बैठक में संयुक्त किसान मोर्चा के नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल और किसान मजदूर मोर्चा के संयोजक सरवन सिंह पंधेर के नेतृत्व में 28 किसान नेता शामिल हो रहे हैं।  

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रह्लाद जोशी और पीयूष गोयल बैठक में शामिल होंगे। पंजाब सरकार की ओर से कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां और वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा भी बैठक में मौजूद रहेंगे।  

बैठक से पहले, मोहाली से चंडीगढ़ की ओर बढ़ रहे किसानों को चंडीगढ़ पुलिस ने बॉर्डर पर रोक दिया। करीब 35-40 वाहनों को आगे जाने से मना कर दिया गया, क्योंकि अधिकारियों द्वारा कोई आदेश नहीं मिला था। हालांकि, आधे घंटे बाद किसानों को आगे बढ़ने की अनुमति दे दी गई।  

किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि वार्ता से कुछ ठोस हल निकलना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकारी आंकड़ों के मुताबिक देश के 15 करोड़ किसान परिवारों की आवाज उठाई जा रही है। पंधेर ने उम्मीद जताई कि MSP कानून पर चर्चा आगे बढ़ेगी।  

इसके अलावा, उन्होंने बताया कि शंभू और खनौरी बॉर्डर पर पंजाब पुलिस की तैनाती बढ़ाई जा सकती है। पंधेर ने कहा कि यह सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा है या कोई अन्य कारण, इस पर भी सरकार से बातचीत की जाएगी।

Previous Post Next Post