AAP सरकार पर निशाना, व्यापारियों से की मुलाकात, भाजपा प्रत्याशी की जीत का दावा
लुधियाना: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को पंजाब के लुधियाना पहुंचे और लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार जीवन गुप्ता के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री सैनी ने इस दौरान कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) दोनों पर तीखे राजनीतिक हमले किए। उन्होंने कहा कि दिल्ली के बाद अब पंजाब की जनता भी AAP सरकार को सत्ता से बाहर करने की तैयारी कर चुकी है।
अपने दौरे के दौरान सैनी ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा की और व्यापारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। व्यापारियों ने मुख्यमंत्री को महाराजा अग्रसेन का चित्र भेंट किया।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि पंजाब की AAP सरकार व्यापारियों की समस्याओं के प्रति उदासीन है। उन्होंने व्यापारियों से भाजपा के पक्ष में मतदान कर राज्य को औद्योगिक रूप से प्रगति के पथ पर लाने का आह्वान किया।
पानी के मुद्दे पर सैनी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी आरोप लगाए कि वे हरियाणा को उसके हिस्से का पानी नहीं दे रहे और इस विषय पर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब और हरियाणा ऐतिहासिक रूप से जुड़े हुए हैं और पंजाब हमेशा "बड़े भाई" की भूमिका में रहा है।
लुधियाना की चुनावी भीड़ और जनसमर्थन का हवाला देते हुए सैनी ने दावा किया कि भाजपा उम्मीदवार जीवन गुप्ता भारी अंतर से चुनाव जीतेंगे और यह जीत पूरे राज्य में एक सकारात्मक संदेश भेजेगी।