गुरुद्वारा साहिब में बातचीत के दौरान युवक ने चलाई गोली
फगवाड़ा: पंजाब के फगवाड़ा के हरदासपुर गांव स्थित गुरुद्वारा पीपली साहिब में झगड़ा सुलझाने की कोशिश के दौरान गोली चल गई। इस घटना में तीन निहंग सिंह और गोली चलाने वाला युवक जसप्रीत सिंह घायल हो गया। सभी घायलों को पहले फगवाड़ा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर कर दिया गया।
बातचीत के बीच मची अफरा-तफरी, युवक को भी लगी गोली
गुरुद्वारा सिंह सभा छावनी निहंग सिंह जिला होशियारपुर के जत्थेदार बाबा गुरदेव सिंह ने बताया कि कुछ लोगों के बीच विवाद को सुलझाने के लिए गांव के प्रतिष्ठित लोगों की मौजूदगी में बातचीत की जा रही थी। तभी जसप्रीत सिंह पुत्र रंजीत सिंह ने अचानक गोली चला दी, जिससे मलकित सिंह, धर्मवीर सिंह और रंजीत सिंह घायल हो गए। गोलीबारी के बीच मची भगदड़ में जसप्रीत सिंह को भी पेट में गोली लगी और वह भी घायल हो गया।
पुलिस ने हालात संभाले, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर अमन कुमार पीसीआर टीम के साथ सिविल अस्पताल पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। गंभीर रूप से घायल जसप्रीत सिंह को जालंधर छावनी अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि अन्य तीन घायलों का इलाज फगवाड़ा के एक बड़े अस्पताल में किया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और गोली किस वजह से चलाई गई, इसकी छानबीन की जा रही है।