धुएं के कारण भड़की मधुमक्खियां, 2 लोग हुए बेहोश, सभी को अस्पताल से छुट्टी
पर्वाणु: शनिवार को बायला गांव में एक शव को अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले जाया जा रहा था, तभी एक अप्रत्याशित घटना हो गई। शव लेकर आगे निकल चुके परिजनों से कुछ दूरी पर पीछे चल रहे लगभग 40 लोगों पर मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया।
हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई लोगों को वहीं प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल करीब 22 लोगों को ईएसआई अस्पताल ले जाया गया। इनमें से दो लोग बेहोश हो गए थे। अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में सभी का लगभग चार घंटे तक इलाज चला।
स्थानीय लोगों का कहना है कि संभवतः शव के साथ धुआं उठने के कारण मधुमक्खियां परेशान होकर उड़ गईं और पीछे आ रहे लोगों पर हमला कर दिया। ईएसआई अस्पताल प्रभारी ने जानकारी दी कि सभी घायलों की स्थिति अब स्थिर है और उन्हें शाम 4 बजे तक छुट्टी दे दी गई।
Tags
जम्मू-हिमाचल प्रदेश