उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर, दिल्ली में रेड अलर्ट; दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट



नई दिल्ली: देश के कई हिस्से इस समय भीषण गर्मी की चपेट में हैं। उत्तर भारत में पड़ रही तेज लू और तापमान में लगातार बढ़ोतरी ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। राजधानी दिल्ली, एनसीआर और राजस्थान सहित कई राज्यों में तापमान खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है।

राजस्थान के श्रीगंगानगर में पारा 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया, लेकिन हीटवेव के कारण लोगों ने तापमान 50 डिग्री तक महसूस किया। मौसम विभाग ने दिल्ली में रेड अलर्ट जारी किया है और आज तापमान 43 से 45 डिग्री के बीच रहने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 13 जून की रात से पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इसके प्रभाव से दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। 14 से 17 जून के बीच तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे राहत मिल सकती है।

IMD के अनुसार, अगले 3-4 दिनों तक हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तर मध्य प्रदेश में लू का प्रकोप जारी रहेगा। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में रेड अलर्ट लागू रहेगा, जबकि अन्य राज्यों में भीषण गर्मी के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यूपी के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है।

दूसरी ओर, दक्षिण भारत के राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। कर्नाटक में 50-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। तटीय और आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु के पूर्वी और उत्तरी हिस्सों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, गर्मी से बचने के उपाय अपनाने और बारिश प्रभावित इलाकों में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

Previous Post Next Post