हिमाचल प्रदेश के मंडी में मूसलाधार बारिश से तबाही, बसें और वाहन बह गए, एक व्यक्ति की मौत



मंडी: सोमवार रात मंडी जिले में हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई। धर्मपुर में बस स्टैंड और आसपास के घरों व दुकानों में पानी भर गया। तेज बहाव के कारण 10 से अधिक सरकारी बसें और अन्य वाहन बह गए। कुछ लोग भी पानी में बहने की खबर है, हालांकि प्रशासन ने इसकी पुष्टि नहीं की है। भाजपा नेता रजत ठाकुर के अनुसार धर्मपुर में 6 लोग लापता हैं।

तेज बारिश के कारण सोन खड्ड में अचानक बाढ़ आ गई। रात 2 से 3 बजे के बीच कई घरों की पहली मंजिलें पानी में डूब गईं। मंगलवार सुबह पानी का स्तर कम हुआ, लेकिन तब तक कई जगह नुकसान हो चुका था। इसी बीच मंडी के ब्रगटा गांव में भूस्खलन से एक मकान ढह गया, जिसमें एक ही परिवार के 5 लोग मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया, एक शव बरामद हुआ और दो अब भी लापता हैं। बचाव कार्य जारी है।

शिमला में भी हालात खराब हैं। हिमलैंड, बीसीएस स्कूल और पांजली में लैंडस्लाइड के कारण 15 से अधिक वाहन मलबे में दब गए। हिमलैंड में भूस्खलन के कारण शिमला की मुख्य सर्कुलर रोड बंद हो गई। मौसम विभाग ने बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि बुधवार से बारिश की तीव्रता में थोड़ी कमी आने की संभावना है, पर मानसून के अंत के कोई संकेत नहीं हैं। प्रशासन ने लोगों से नदियों, नालों और भूस्खलन संभावित इलाकों से दूर रहने की अपील की है। राहत और बचाव दल लगातार सक्रिय हैं।

Previous Post Next Post