समाना: गुरुवार दोपहर बाद समाना-पातड़ां सड़क पर गांव शाहपुर के नज़दीक एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें कार चालक युवक और उसकी रिश्तेदार महिला की मौत हो गई, जबकि कार सवार 2 अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। मृतकों की पहचान चालक अभिषेक गोयल (35) और प्रवीण वर्मा (56) के रूप में हुई। जाँच अधिकारी हरदीप सिंह विर्क ने बताया कि कार सवार लोग टोहाना (हरियाणा) में एक भोग समागम में शामिल होने के बाद वापस जा रहे थे कि उनकी कार असंतुलित होकर सड़क किनारे लगे एक वृक्ष से जा टकराई।
मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटना इतनी भयानक थी कि चालक और फ्रंट सीट पर बैठी महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घायल महिलाएं शशि वाला (निवासी पटियाला) और अंजू (निवासी नाभा) को प्राथमिक उपचार के बाद पटियाला रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मृतकों के शवों को सिविल अस्पताल समाना की मोर्चरी में रखवाया है और परिजनों के पहुँचने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।