जम्मू: भारत-पाक अंतर्राष्ट्रीय सीमा (IB) और नियंत्रण रेखा (LoC) पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (BSF) ऑपरेशन सिंदूर के बाद भी मुस्तैदी से किसी भी प्रकार की घुसपैठ को रोकने के लिए मॉडर्न तकनीक और निगरानी उपकरणों का इस्तेमाल कर रही है, ताकि दुश्मनों के नापाक मंसूबों को नाकाम किया जा सके। जम्मू फ्रंटियर के आई.जी. शशांक आनंद ने खुलासा किया कि बाढ़ से सीमा पर हुए बुनियादी ढांचे के नुकसान को ठीक कर बहाल कर दिया गया है और 'जीरो घुसपैठ' को लेकर बल के जवान मुस्तैद हैं।
सीमा पार आतंकी लॉन्च पैड फिर सक्रिय
बी.एस.एफ. मुख्यालय में जम्मू फ्रंटियर के आई.जी. शशांक आनंद ने खुलासा किया कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद सीमा पार की हर प्रकार की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। अपनी नापाक हरकतों को जारी रखते हुए पाकिस्तान ने सीमा से 10 किलोमीटर अंदर आतंकी लॉन्च पैड को फिर सक्रिय किया हुआ है। उन्होंने बताया कि सियालकोट एवं अन्य बॉर्डर के इलाके में 12 और एल.ओ.सी. पर 60 स्थानों पर ये लॉन्च पैड सक्रिय हैं। गुप्त सूचना के अनुसार, पहले आतंकी संगठनों को अलग-अलग रखा जाता था, परन्तु अब सभी आतंकियों को एक स्थान पर रखे जाने की सूचना है।
सर्दियों की चुनौतियों और बलिदान
आई.जी. आनंद ने बताया कि आगामी सर्दियों के मौसम में बर्फबारी वाले इलाके और मैदानी इलाकों में पड़ने वाली धुंध को लेकर BSF पूरी तरह तैयार है और किसी भी चुनौती से निपटने में सक्षम है। विपरीत मौसम में किसी भी स्थिति से निपटने में बल के जवान सक्षम हैं और अपनी चौकी को छोड़ने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि दूसरी सुरक्षा एजेंसियों के साथ बी.एस.एफ. बढ़िया तालमेल के साथ काम कर रही है ताकि सीमा की सुरक्षा की जा सके। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में सब इंस्पेक्टर मोहम्मद इम्तियाज एवं कांस्टेबल दीपक चिंगाखम ने बलिदान दिया और उन्हें मरणोपरांत वीर चक्र से सम्मानित किया गया।
वर्ष 2025 में BSF की बड़ी उपलब्धियाँ
बी.एस.एफ. ने वर्ष 2025 में कई बड़ी उपलब्धियाँ हासिल की हैं, जिनमें निम्नलिखित शामिल हैं:
- पाकिस्तान के गाँव धांधार (ज़िला सांबा के सामने) से बड़े घुसपैठ प्रयास को विफल करते हुए 7 आतंकवादियों को ढेर किया गया।
- 3 लॉन्च पैड (भैरवनाथ, मस्तपुर, लूनी) नष्ट किए गए और 118 पाकिस्तानी पोस्टों (72 बी.ओ.पी. एवं 46 एफ.डी.एल.) पर प्रभावी कार्रवाई की गई।
- 03 पाकिस्तानी घुसपैठियों को मार गिराया गया और 06 घुसपैठियों को अंतर्राष्ट्रीय सीमा का उल्लंघन करते पकड़ा गया।
- बी.एस.एफ. जवानों ने 9.563 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किए और 5 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया।
- बी.एस.एफ. जवानों द्वारा 5 ड्रोन/यू.ए.वी. बरामद किए गए।
- 29 जून को बी.एस.एफ. जवानों ने लश्कर-ए-तैयबा (एल.ई.टी.) के गाइड मोहम्मद आरिब अहमद को गिरफ्तार किया।