थाईलैंड-कंबोडिया सीमा विवाद गहराया: थाई वायुसेना ने एफ-16 लड़ाकू विमानों से किए हवाई हमले, ट्रंप के फोन कॉल से सुलह के दावे के बावजूद सैन्य कार्रवाई तेज



कंबोडिया: थाईलैंड और कंबोडिया के बीच चल रहा सीमा विवाद लगातार गंभीर होता जा रहा है, जहाँ हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यह दावा किया था कि एक फोन कॉल से वह इस टकराव को खत्म कर सकते हैं, वहीं मौजूदा हालात में सीमा पर सैन्य कार्रवाई और तेज होती दिखाई दे रही है।

शनिवार को थाईलैंड की वायुसेना ने कंबोडिया से सटे इलाकों में हवाई हमले किए। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, थाई एयरफोर्स ने दो एफ-16 लड़ाकू विमानों की मदद से कंबोडिया के पश्चिमी प्रांत बट्टमबोंग के त्मोर दा इलाके में स्थित कई ठिकानों को निशाना बनाया और बमबारी की। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 5:50 बजे एक होटल भवन पर बम गिराया गया, और कुछ ही मिनट बाद सुबह 5:55 बजे उसी क्षेत्र में एक अन्य होटल इमारत को भी निशाना बनाया गया।

इसके बाद हमलों का दायरा रणनीतिक ढाँचों तक फैल गया, जिसमें चेई चोम्नास पुल को सुबह 6:02 बजे और 6:07 बजे दोबारा निशाना बनाया गया। साथ ही, सुबह 6:12 बजे चेई चोम्नास के पुराने पुल को भी निशाना बनाया गया। उल्लेखनीय है कि सीमा पर बढ़ते तनाव के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में हस्तक्षेप कर क्षेत्र में शांति बहाल करने का दावा किया था। हालाँकि, जमीनी हालात बताते हैं कि दोनों देशों के बीच तनाव कम होने के बजाय और गहराता जा रहा है।



Previous Post Next Post