क्वेटा/बलूचिस्तान: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण से बाहर हो गई है, जहाँ बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने एक सुनियोजित और बड़े हमले के बाद राजधानी क्वेटा समेत कई रणनीतिक इलाकों पर अपना नियंत्रण स्थापित कर लिया है। ‘द बलूचिस्तान पोस्ट’ द्वारा साझा की गई रिपोर्ट्स के अनुसार, बीएलए के हथियारबंद लड़ाके सड़कों पर खुलेआम गश्त कर रहे हैं और स्थानीय जनता उनका स्वागत कर रही है। विद्रोहियों के इस भीषण प्रहार के सामने पाकिस्तानी सेना (Pakistan Army) के जवान अपनी चौकियां और मोर्चे छोड़कर भागने पर मजबूर हो गए हैं, जिसे पाकिस्तानी सत्ता और सैन्य साख के लिए अब तक का सबसे बड़ा तबाही वाला झटका माना जा रहा है।
यह विद्रोही कार्रवाई बीएलए के 'ऑपरेशन हीरोफ' (Operation Herof) के दूसरे चरण का हिस्सा है। विद्रोहियों ने क्वेटा, ग्वादर, मस्तुंग और कलात सहित करीब 10 प्रमुख शहरों में एक साथ हमला बोला है। बीएलए ने दावा किया है कि उनके फिदायीन दस्तों ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के कैंपों और पुलिस थानों को निशाना बनाकर उन्हें पूरी तरह नष्ट कर दिया है। सरकारी इमारतों की छतों पर अब पाकिस्तानी झंडे की जगह विद्रोहियों के झंडे नजर आ रहे हैं और चारों ओर जलते हुए सरकारी वाहनों का मलबा बिखरा पड़ा है।
सामरिक महत्व के Gwadar Port के पास भी भीषण युद्ध छिड़ गया है, जहाँ धमाकों और गोलीबारी की आवाजों से पूरा इलाका दहल उठा है। इस ऑपरेशन में पहली बार बीएलए की महिला लड़ाके भी अग्रिम मोर्चे पर मोर्चा संभालती नजर आ रही हैं। बलूच नेता सरदार अख्तर मेंगल ने वर्तमान स्थिति को अपने जीवन की सबसे भयावह स्थिति करार दिया है। सुरक्षा बलों के 10 जवानों के मारे जाने की पुष्टि हुई है, जबकि क्वेटा के अस्पतालों में Emergency घोषित कर दी गई है।
प्रशासन ने पूरे प्रांत में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं ठप्प कर दी हैं और ट्रेनों का आवागमन पूरी तरह निलंबित है। खनिज संपदा से भरपूर बलूचिस्तान में जारी यह विद्रोह अब एक पूर्ण गृहयुद्ध की शक्ल ले चुका है, जिसने दक्षिण एशिया की भू-राजनीति में खलबली मचा दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि बीएलए की यह सफलता पाकिस्तानी सेना की आंतरिक कमजोरी को अंतरराष्ट्रीय मंच पर उजागर कर रही है।