मुंबई: बॉलीवुड के एक्शन किंग Sunny Deol एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर गदर मचा रहे हैं। उनकी हालिया रिलीज फिल्म 'Border 2' ने दर्शकों के दिलों में देशभक्ति का ऐसा जज्बा जगाया है कि फिल्म ने रिलीज के कुछ ही दिनों के भीतर 200 करोड़ रुपये की कमाई का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है। इस शानदार सफलता से गदगद सनी देओल ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर अपने प्रशंसकों का शुक्रिया अदा किया है। उन्होंने कैप्शन में लिखा, "मेरी, आपकी, हमारी 'बॉर्डर 2' को इतना प्यार देने के लिए आप सबका बहुत शुक्रिया।"
अनुराग सिंह द्वारा निर्देशित यह फिल्म 1997 की कल्ट क्लासिक फिल्म 'बॉर्डर' का आधिकारिक सीक्वल है। Varun Dhawan, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी जैसे सितारों से सजी यह फिल्म 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म की कहानी 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसे दर्शकों और क्रिटिक्स दोनों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। भूषण कुमार और जेपी दत्ता द्वारा निर्मित इस फिल्म में मोना सिंह और सोनम बाजवा ने भी अहम भूमिकाएं निभाई हैं।
फिल्म की बॉक्स ऑफिस रफ्तार को देखते हुए ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि यह फिल्म कई नए रिकॉर्ड ध्वस्त कर सकती है। 'बॉर्डर 2' की कामयाबी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि बड़े पर्दे पर सनी देओल का 'ढाई किलो का हाथ' आज भी उतना ही प्रभावशाली है। इस ब्लॉकबस्टर के बाद अब फैंस सनी देओल की अगली फिल्म 'Lahore 1947' का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जिसका निर्देशन राजकुमार संतोषी कर रहे हैं और आमिर खान इसके निर्माता हैं।