अवैध कब्जे पर चला प्रशासन का पीला पंजा: सेक्टर-44 में कॉलेज की जमीन से हटाए गए अतिक्रमण, हिस्ट्रीशीटर के 'नशा नेटवर्क' का भंडाफोड़


गुरुग्राम: हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) और पुलिस प्रशासन ने मंगलवार को सेक्टर-44 में प्रस्तावित डिग्री कॉलेज की जमीन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध झुग्गियों को जमींदोज कर दिया। मुख्यमंत्री के कड़े निर्देशों के बाद शुरू हुई इस कार्रवाई का मुख्य निशाना एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर द्वारा बसाया गया अवैध साम्राज्य था। प्रशासन का बुलडोजर सुबह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा और देखते ही देखते सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा दिया गया। इस जमीन पर भविष्य में एक डिग्री कॉलेज का निर्माण होना प्रस्तावित है, लेकिन लंबे समय से यहां अवैध गतिविधियां फल-फूल रही थीं।

ड्यूटी मजिस्ट्रेट आर.एस. बाठ ने बताया कि यह कार्रवाई केवल अतिक्रमण हटाने तक सीमित नहीं थी, बल्कि इसके पीछे गंभीर सुरक्षा कारण भी थे। जांच में सामने आया कि हिस्ट्रीशीटर जगत ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर यहां झुग्गियां बसाई थीं, जहां से नशे का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था। आरोपी जगत पर विभिन्न अपराधों के 15 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि उसके रिश्तेदारों पर भी 25 से अधिक मामले दर्ज हैं। सुशांत लोक थाना पुलिस और अपराध शाखा की जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आसपास के कॉरपोरेट दफ्तरों में हुई चोरी की कड़ियों का सीधा संबंध इन्हीं झुग्गियों में रहने वाले संदिग्धों से था।

प्रशासन ने इस कार्रवाई के दौरान मानवीय संवेदनाओं का भी ध्यान रखा। ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि दो झुग्गियों को फिलहाल ध्वस्त नहीं किया गया है क्योंकि वहां जल्द ही शादियां होनी हैं। इन परिवारों को शादी संपन्न होने के बाद 26 जनवरी तक जगह खाली करने का समय दिया गया है। वहीं, सड़क किनारे मिट्टी के बर्तन बेचने वाले दुकानदारों को भी गणतंत्र दिवस तक वहां से हटने के निर्देश दिए गए हैं। सर्विस रोड पर मिट्टी डालकर बनाए गए अवैध निर्माण के कारण यहां ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती थी, जिसे अब साफ कर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जल्द ही कॉलेज का निर्माण कार्य शुरू होगा और किसी भी पुन: अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



Previous Post Next Post