हिमाचल में 'सफेद आफत' का अलर्ट: 2 पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, पांगी में जान पर बनी तो ग्रामीणों ने पीठ पर लादकर 3 फुट बर्फ के बीच बच्चे को पहुंचाया अस्पताल



शिमला/चम्बा: हिमाचल प्रदेश में कुदरत का दोहरा प्रहार देखने को मिल रहा है। एक तरफ राज्य में दो Western Disturbances के सक्रिय होने से मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक भारी बारिश और बर्फबारी का 'यैलो अलर्ट' जारी किया है, वहीं दूसरी ओर जनजातीय इलाकों में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा के अनुसार, 1 फरवरी को विक्षोभ का असर सबसे ज्यादा रहेगा, जिससे लाहौल-स्पीति, किन्नौर और कुल्लू जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी हिमपात की संभावना है। राज्य में फिलहाल 3 नेशनल हाईवे समेत 482 सड़कें बंद हैं और 436 बिजली ट्रांसफार्मर ठप्प पड़े हैं।

इसी बर्फीले संकट के बीच चम्बा की पांगी घाटी से इंसानियत और साहस की एक दिल दहला देने वाली तस्वीर सामने आई है। घाटी के सुदूर गांव शुण में 14 वर्षीय साहिल की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बाहर 3 फुट तक बर्फ जमी थी और रास्ते पूरी तरह बंद थे। ऐसे में ग्रामीणों ने हार नहीं मानी और बीमार बच्चे को अपनी पीठ पर लादकर मीलों पैदल चलकर मुख्य सड़क तक लाने का फैसला किया। हाड़ कंपा देने वाली ठंड (माइनस 10 डिग्री तापमान) में ग्रामीणों का यह जज्बा देख हर कोई दंग रह गया।

सूचना मिलते ही SDM Pangi अमन दीप ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग की 'फोर बाई फोर' कैंपर गाड़ी को सिद्ध मंदिर तक भेजा, जहाँ तक सड़क साफ थी। ग्रामीणों और प्रशासन के तालमेल से बच्चे को सुरक्षित रेस्क्यू कर सिविल अस्पताल किलाड़ पहुँचाया गया। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि शनिवार को 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से Tej Hawayein चल सकती हैं, जिससे बचाव कार्यों में बाधा आ सकती है। प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को ऊँचाई वाले क्षेत्रों में न जाने की सख्त सलाह दी है।



Previous Post Next Post