इंदौर में सिरफिरे आशिक की घिनौनी करतूत: शादी टूटने से नाराज इंजीनियर ने युवती के एडिटेड फोटो शौचालयों में लगाए, पुलिस ने किया गिरफ्तार


इंदौर: मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक सिविल इंजीनियर और डेटा एनालिस्ट ने शादी से इनकार किए जाने पर एक युवती को बदनाम करने के लिए सारी हदें पार कर दीं। आरोपी आयुष अग्निहोत्री ने क्राइम सीरियल देखकर साजिश रची और युवती के साथ-साथ उसके परिवार की महिलाओं के फोटो एडिट कर उन्हें शहर के विभिन्न सुलभ शौचालयों में चस्पा कर दिया। इंदौर क्राइम ब्रांच (Indore Crime Branch) ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है।

पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी आयुष की शादी मैट्रिमोनियल साइट के जरिए बाणगंगा क्षेत्र की एक युवती से तय होने वाली थी, लेकिन कुंडली मिलान न होने के कारण परिजनों ने रिश्ता तोड़ दिया। इस बात से बौखलाया आयुष युवती को अपना दुश्मन मान बैठा और उसने बदला लेने के लिए सोशल मीडिया से फोटो निकालकर उन्हें अश्लील तरीके से एडिट किया। आरोपी इतना शातिर था कि वह देवास और उज्जैन जाकर डाक के माध्यम से ये आपत्तिजनक फोटो युवती के घर भेजता था ताकि पुलिस उसे ट्रेस न कर सके।

परेशान परिजनों ने जब इंदौर क्राइम ब्रांच से गुहार लगाई, तो डीसीपी राजेश त्रिपाठी (DCP Rajesh Tripathi) के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 25 दिनों के भीतर आरोपी को दबोच लिया। आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने युवती के घर के आसपास भी ये पोस्टर लगाए थे ताकि समाज में उनकी गरिमा को ठेस पहुँचे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और IT Act की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।



Previous Post Next Post