मनीषा मौत मामला: CBI की चुप्पी पर परिजनों का फूटा गुस्सा, न्याय के लिए आज गांव ढाणी लक्ष्मण में महापंचायत



भिवानी: जिले के गांव ढाणी लक्ष्मण की 19 वर्षीय युवती मनीषा की संदिग्ध मौत के मामले में CBI की कार्यप्रणाली को लेकर परिजनों का धैर्य अब जवाब दे गया है। मनीषा के पिता संजय कुमार ने केंद्रीय जांच एजेंसी पर समय सीमा बीतने के बावजूद कोई खुलासा न करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सीबीआई को 31 जनवरी 2026 तक का अल्टीमेटम दिया गया था, लेकिन 5 महीने बीत जाने के बाद भी जांच किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। इसके विरोध में आज शनिवार को गांव में एक बड़ी पंचायत बुलाई गई है, जिसमें न्याय के लिए आगामी संघर्ष की रणनीति तय की जाएगी।

परिजनों के अनुसार, शुरू में सीबीआई ने 90 दिनों का समय मांगा था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने से ग्रामीणों में गहरा रोष है। पिता संजय कुमार का कहना है कि उनकी बेटी की मौत से जुड़ी सभी मेडिकल रिपोर्ट्स आ चुकी हैं और मामला पूरी तरह स्पष्ट हो चुका है, फिर भी देरी समझ से परे है। रविवार को आसपास के 7-8 गांवों की संयुक्त पंचायत भी बुलाई गई है। परिजनों ने हरियाणा के मुख्यमंत्री (CM) से मिलने का समय भी मांगा है ताकि न्याय की गुहार लगाई जा सके।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही CBI Investigation का खुलासा नहीं किया गया, तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। मनीषा की मौत के कारणों को लेकर शुरू से ही रहस्य बना हुआ है और अब यह मामला एक बड़े सामाजिक मुद्दे का रूप ले रहा है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी पंचायत के फैसलों को देखते हुए अलर्ट मोड पर है। परिजनों का स्पष्ट कहना है कि वे अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं और अब वे सीधे जनता की अदालत में अपनी बात रखेंगे।



Previous Post Next Post