पटना: बिहार की राजधानी पटना के पॉश इलाके बोरिंग रोड से एक बेहद ही शर्मनाक और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ भागलपुर में तैनात एक दारोगा (SI) की बेटी के साथ कुछ मनचलों ने न केवल गंदी हरकतें की, बल्कि विरोध करने पर उसके भाई की बेरहमी से पिटाई भी कर दी। पीड़िता, जो बोरिंग रोड स्थित एक Bank में कार्यरत है, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी पिछले कई दिनों से उसका पीछा कर रहे थे और अभद्र टिप्पणियाँ कर रहे थे। हद तो तब हो गई जब बदमाशों ने युवती को सरेराह 'उठा लेने' और उसके परिवार को घर से निकाल देने की धमकी दी।
पीड़िता पटना में अपनी माँ और भाई के साथ रहती है, जबकि उसके पिता पुलिस सेवा में कार्यरत हैं। शिकायत के अनुसार, दो युवकों ने लगातार बैंक आते-जाते समय युवती को परेशान किया। जब पीड़िता के भाई ने अपनी बहन के सम्मान की रक्षा के लिए इन मनचलों को रोका, तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और माँ-बेटी को आतंकित किया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरा परिवार दहशत में है। बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने दारोगा की बेटी को खुलेआम धमकी दी है कि वे उसे यहाँ रहने नहीं देंगे।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आई है और पीड़िता की लिखित शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि CCTV Footage और तकनीकी सर्विलांस के जरिए आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। Patna Police ने पीड़िता को सुरक्षा मुहैया कराने और अपराधियों के खिलाफ सख्त 'जीरो टॉलरेंस' नीति अपनाने का दावा किया है।