चमोली/हरिद्वार: उत्तराखंड के दो अलग-अलग जिलों में रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसों में चार लोगों की जान चली गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पहली घटना चमोली जिले के नंदप्रयाग-नंदानगर मोटर मार्ग पर हुई, जहाँ सेरा गांव के पास एक अल्टो कार (UK11 TA 3251) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में कार चालक सुरेंद्र सिंह (26 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि सुरेंद्र नंदानगर बाजार से अपने घर लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खाई से शव को बाहर निकालकर पंचनामा और कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।
दूसरी ओर, हरिद्वार के लक्सर मार्ग पर स्थित फेरूपुर गांव में एक तेज रफ्तार कार और ई-रिक्शा के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जिनकी पहचान कार चालक विकास कुमार, रुड़की निवासी चरण सिंह और ई-रिक्शा चालक आस मुहम्मद के रूप में हुई है। पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने घायलों को तुरंत वाहन से निकालकर अस्पताल पहुँचाया, जहाँ चार लोगों का इलाज चल रहा है। घायलों में उत्तर प्रदेश, बिहार और स्थानीय हरिद्वार के निवासी शामिल हैं।
हरिद्वार के नगर पुलिस अधीक्षक अभय प्रताप ने बताया कि प्राथमिक जांच में कार की तेज रफ्तार को ही हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है ताकि दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके। वहीं चमोली और हरिद्वार के इन हादसों के बाद प्रभावित परिवारों और संबंधित क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी और व्यस्त मार्गों पर वाहन चलाते समय गति सीमा का पालन करने और अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।