बिलासपुर में सनसनीखेज वारदात: गर्लफ्रेंड के चक्कर में 12वीं के छात्र का अपहरण, चाकू की नोक पर सफारी में ले जाकर पीटा


बिलासपुर (छत्तीसगढ़): न्यायधानी बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में स्कूली छात्रों के बीच उपजा 'गर्लफ्रेंड' का विवाद अपहरण और जानलेवा हमले तक पहुँच गया। अमेरी चौक स्थित सेंट फ्रांसिस स्कूल के सामने से 12वीं कक्षा के छात्र यज्ञ द्विवेदी का फिल्मी अंदाज में अपहरण कर लिया गया। वारदात उस समय हुई जब छात्र स्कूल से घर लौट रहा था। तभी सफारी गाड़ी (CG 10 N 7511) में सवार होकर आए तीन छात्रों ने उसे रोका और गले पर चाकू अड़ाकर जबरन गाड़ी में खींच लिया। आरोपियों ने छात्र को गोविंदम पैलेस के पीछे ले जाकर बेसबॉल बैट और लात-घूसों से जमकर पीटा।

पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इस वारदात को अंजाम देने वाले तीनों आरोपी भी छात्र ही हैं। इनमें से दो आरोपी नाबालिग हैं और कक्षा 9वीं व 12वीं में पढ़ते हैं, जबकि तीसरा आरोपी महज दो महीने पहले ही 18 वर्ष का (बालिग) हुआ है। विवाद की मुख्य वजह एक लड़की से बातचीत करना बताया जा रहा है। आरोपियों ने पीड़ित छात्र को चेतावनी दी थी कि वह उनकी दोस्त से बात न करे। सिविल लाइन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों को अपनी गिरफ्त में ले लिया है।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपहरण और मारपीट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की सफारी गाड़ी और मारपीट में प्रयुक्त बेसबॉल बैट को भी जब्त कर लिया है। पीड़ित छात्र के पिता, जो एक मेडिकल एजेंसी संचालक हैं, की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है। घायल छात्र यज्ञ द्विवेदी का वर्तमान में उपचार जारी है, उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान आए हैं।

बिलासपुर पुलिस (Chhattisgarh Police) के अनुसार, नाबालिग आरोपियों को बाल सुधार गृह भेजने की प्रक्रिया की जा रही है, वहीं बालिग आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। शहर के नामी स्कूलों के छात्रों के बीच पनप रही इस तरह की हिंसक प्रवृत्ति और चाकूबाजी की घटना ने अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन के बीच चिंता पैदा कर दी है। पुलिस अब इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि नाबालिग छात्रों के पास लग्जरी गाड़ियां और हथियार कहाँ से उपलब्ध हुए।



Previous Post Next Post