दुबई: पूरी दुनिया में जहाँ सोने की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर हैं, वहीं विलासिता के लिए मशहूर शहर दुबई अपनी भव्यता का एक नया इतिहास लिखने जा रहा है। दुबई के शेख अब 'द गोल्ड डिस्ट्रिक्ट' (The Gold District) नाम से दुनिया का पहला ऐसा प्रोजेक्ट ला रहे हैं, जिसमें एक पूरी सड़क सोने की चमक और बेशकीमती गहनों के लिए समर्पित होगी। दुबई के प्रसिद्ध प्रॉपर्टी डेवलपर ‘इथरा दुबई’ ने इस मेगा प्रोजेक्ट की घोषणा की है, जिसका उद्देश्य अमीरात को वैश्विक स्तर पर सोने और ज्वैलरी व्यापार का सबसे बड़ा केंद्र बनाना है। यह ऐतिहासिक परियोजना दुबई के Deira इलाके में विकसित की जा रही है।
इस प्रोजेक्ट की सबसे खास बात यह है कि यहाँ केवल सोने की दुकानें ही नहीं, बल्कि एक विशाल कमर्शियल हब होगा। यहाँ परफ्यूम, कॉस्मेटिक्स और लाइफस्टाइल से जुड़ी 1,000 से ज्यादा रिटेल दुकानें खुलेंगी। 'द गोल्ड डिस्ट्रिक्ट' को इस तरह डिजाइन किया जा रहा है कि यह पर्यटकों और प्रोफेशनल्स के लिए दुनिया का सबसे आकर्षक लैंडमार्क बन सके। अंतरराष्ट्रीय मेहमानों के ठहरने के लिए यहाँ 6 आलीशान होटल बनाए जाएंगे, जिनमें 1,000 से अधिक गेस्ट रूम होंगे, ताकि यहाँ आने वाले खरीदारों को वर्ल्ड क्लास सुविधाएं मिल सकें।
इस सुनहरी सड़क पर भारतीय ज्वैलरी ब्रांड्स का भी दबदबा देखने को मिलेगा। Malabar Gold & Diamonds और Tanishq जैसे दिग्गज ब्रांड्स यहाँ अपने भव्य स्टोर खोलेंगे। विशेष रूप से Joyalukkas ने यहाँ मिडिल ईस्ट का अपना सबसे बड़ा फ्लैगशिप स्टोर खोलने का ऐलान किया है, जो 24,000 स्क्वायर फुट में फैला होगा। दुबई भारतीय आभूषणों के लिए एक बड़ा बाजार रहा है और इस प्रोजेक्ट के माध्यम से भारतीय व्यापारियों को वैश्विक पटल पर एक नया और बड़ा मंच मिलने जा रहा है। यह विलासिता और व्यापार का एक ऐसा संगम होगा जो पूरी दुनिया के पर्यटकों को अपनी ओर खींचेगा।