कानपुर (उत्तर प्रदेश): शादी के पवित्र बंधन को धोखे और लालच की बुनियाद पर खड़ा करने का एक सनसनीखेज मामला कानपुर में सामने आया है। एक नवविवाहिता ने अपने ससुराल वालों पर संगीन आरोप लगाते हुए कहा है कि भारी-भरकम दहेज के लालच में उसकी शादी जानबूझकर एक नपुंसक युवक से करा दी गई। पीड़िता के अनुसार, उसके परिवार ने शादी में करीब 38 लाख रुपये और भारी मात्रा में सोना-चांदी खर्च किया था, लेकिन शादी के पहले दिन से ही उसकी जिंदगी नर्क बना दी गई। अब उसे जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं, जिसके बाद पुलिस ने मामले में हस्तक्षेप किया है।
पीड़िता की शादी अप्रैल 2025 में हमीरपुर निवासी एक युवक के साथ हुई थी। महिला का आरोप है कि सुहागरात के दिन से ही पति ने दूरी बनाए रखी। मामला तब खुला जब वह पति के साथ Noida में रहने गई और उसे पता चला कि उसका पति शारीरिक संबंध बनाने में पूरी तरह अक्षम है। इतना ही नहीं, शादी के समय जिस आलीशान 3BHK फ्लैट को पति की संपत्ति बताया गया था, वह असल में उसके ताऊ का निकला। जब पत्नी ने इस धोखे का विरोध किया, तो ससुराल वालों ने उसे 'सिर्फ नाम की पत्नी' बनकर रहने का दबाव बनाया।
महिला ने आरोप लगाया कि जब उसने इस समझौते से इनकार किया, तो ससुराल वालों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और उसके करीब 17 लाख रुपये के गहने और नकदी छीन ली। 25 अक्टूबर 2025 को उसे घर से बाहर निकाल दिया गया, जिसके बाद उसने 'यूपी 112' की मदद ली और अपने मायके कानपुर पहुँची। पीड़िता की शिकायत पर कानपुर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है और दोषियों के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर पति और ससुराल के तीन सदस्यों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और मेडिकल साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है। Kanpur Police का कहना है कि धोखाधड़ी और दहेज उत्पीड़न के इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर वैवाहिक विज्ञापनों और रिश्तों में पारदर्शिता की कमी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।