कलयुगी मां की शर्मनाक करतूत: 2.10 लाख में बेची अपनी ही नवजात बेटी, महिला डॉक्टर समेत 5 गिरफ्तार


लुधियाना (पंजाब): महानगर में रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर रूह कांप जाएगी। एक कलयुगी मां ने अपनी कोख से जन्मी मासूम बच्ची का सौदा महज कुछ रुपयों की खातिर कर दिया। Ludhiana Police ने इस घिनौने रैकट का पर्दाफाश करते हुए एक महिला डॉक्टर सहित पांच आरोपियों को रंगे हाथों दबोच लिया है। यह पूरा मामला बाबा थान सिंह चौक स्थित अरोड़ा नर्सिंग होम से शुरू हुआ, जहां एक महिला ने नवजात को जन्म दिया और फिर ममता का गला घोंटकर उसे बेचने की साजिश रच डाली। थाना डिवीजन नंबर 3 की पुलिस ने इस मामले में कुल आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, थानेदार गुरमेल सिंह की टीम 15 फरवरी को गश्त पर थी, तभी उन्हें गुप्त सूचना मिली कि 14 फरवरी को बच्ची को जन्म देने वाली सुनीता देवी नामक महिला अपनी बेटी को 2 लाख 10 हजार रुपये में बेचने की फिराक में है। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नीली झंडा रोड स्थित एक पार्क के पास डील फाइनल करने के लिए जमा हुए हैं। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए तुरंत पार्क में रेड की और मौके से बच्ची का सौदा करते हुए आरोपियों को धर दबोचा।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बच्ची की मां सुनीता देवी, प्रवीण, B.A.M.S. Doctor मनमीत कौर, रुची और खरीदार मनदीप कौर शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि इन सभी ने मिलीभगत कर इस नवजात जान की कीमत लगाई थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS और संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब इस गिरोह के पिछले रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि क्या इन्होंने पहले भी बच्चों की तस्करी जैसी वारदातों को अंजाम दिया है।

फिलहाल मासूम बच्ची को सुरक्षित संरक्षण में ले लिया गया है और उसे बाल गृह भेज दिया गया है। Police Division Number 3 के अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह में शामिल अन्य तीन फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। शहर में इस घटना के बाद से लोग स्तब्ध हैं और डॉक्टर जैसी गरिमापूर्ण पेशे से जुड़ी महिला की संलिप्तता ने सबको हैरान कर दिया है।



Previous Post Next Post