फाजिल्का / जलालाबाद: पंजाब की फाजिल्का पुलिस ने अवैध हथियारों और हैरोइन तस्करी के एक बड़े और सक्रिय नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक नाबालिग सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 3 विदेशी पिस्तौल, 6 मैगजीन, 4 जिंदा कारतूस, 750 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली हैरोइन और करीब ढाई लाख (2,50,000) रुपये की भारी ड्रग मनी बरामद की है।
मामले की जानकारी देते हुए एस.एस.पी. गगन अजीत सिंह ने बताया कि डी.एस.पी. गुरिंदरजीत सिंह की सीधी निगरानी में जलालाबाद सिटी पुलिस ने एक ठोस गुप्त सूचना के आधार पर गांव टिवाणा कलां के पास विशेष नाकाबंदी कर 5 लोगों को मौके से गिरफ्तार किया। इसके बाद शुरुआती पूछताछ के आधार पर एक अन्य आरोपी परमजीत सिंह को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ड्रग मनी बरामद की गई। पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि फरीदकोट जेल में बंद साजन नाम का आरोपी जेल के अंदर से ही इस पूरे तस्करी नेटवर्क का संचालन कर रहा था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जेल में बंद मुख्य साजिशकर्ता साजन को जल्द ही प्रोडक्शन वारंट पर लाकर कड़ाई से पूछताछ की जाएगी। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अमन कुमार, बूड़ सिंह, अर्शदीप सिंह, करण, परमजीत सिंह तथा एक नाबालिग के रूप में हुई है। कानून के मुताबिक नाबालिग आरोपी को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है, जबकि अन्य वयस्क आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जा रहा है ताकि इस नेटवर्क के अन्य संपर्कों और सप्लायरों का पता लगाया जा सके।