होशियारपुर:जालंधर–होशियारपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH 3), जिसे आमतौर पर आदमपुर फ्लाईओवर परियोजना के नाम से भी जाना जाता है, के लंबे समय से रुके विकास कार्य को दोबारा गति देने की दिशा में पंजाब सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
राष्ट्रीय राजमार्ग के किलोमीटर 11.400 से 29.200 तक शेष 4-लेन सड़क एवं पक्के शोल्डर के निर्माण कार्य के लिए 257.32 करोड़ रुपये की लागत का विस्तृत अनुमान (Detailed Estimate) स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार को भेज दिया गया है। यह प्रस्ताव राष्ट्रीय राजमार्ग सर्किल, अमृतसर के मुख्य अभियंता (Chief Engineer) द्वारा तैयार कर पंजाब सरकार के माध्यम से केंद्रीय मंत्रालय को भेजा गया है।
केंद्र सरकार से जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद
इस संबंध में आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता एवं आदमपुर हलका इंचार्ज पवन टीनू ने पंजाब सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जून के पहले सप्ताह में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात के दौरान आदमपुर फ्लाईओवर परियोजना का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। मुख्यमंत्री ने इस महत्वपूर्ण परियोजना को जनहित में देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर मंजूरी देकर जल्द शुरू कराने की मांग की थी।
पवन टीनू ने उम्मीद जताई है कि केंद्र सरकार इस प्रस्ताव को शीघ्र मंजूरी देकर लंबे समय से लंबित इस महत्वपूर्ण परियोजना का निर्माण कार्य जल्द शुरू करेगी। इस परियोजना के पूरा होने से जालंधर और होशियारपुर के बीच यातायात अधिक सुरक्षित, तेज और सुगम हो जाएगा। इसके साथ ही सड़क अवसंरचना मजबूत होने से औद्योगिक, व्यापारिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी भारी बढ़ावा मिलेगा।
2020 से बंद पड़ा था निर्माण कार्य, जनता को उठाना पड़ा नुकसान
गौरतलब है कि आदमपुर फ्लाईओवर परियोजना का निर्माण कार्य वर्ष 2016 में शुरू किया गया था, लेकिन वर्ष 2020 में यह पूरी तरह बंद हो गया। निर्माण कार्य रुकने के बाद बाजार में सीमेंट, स्टील और अन्य निर्माण सामग्री की कीमतों में भारी वृद्धि हो गई, जिसके चलते ठेकेदार ने पुराने रेट पर काम जारी रखने से साफ इन्कार कर दिया था। इसके कारण यह विकास कार्य लगातार विलंब का शिकार होता रहा और क्षेत्र की जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
रणनीतिक दृष्टि से भी आदमपुर की विशेष महत्ता है क्योंकि यहां भारतीय वायुसेना (Indian Air Force) का एक महत्वपूर्ण एयरबेस स्थित है, जहां से देश की सुरक्षा से जुड़े कई बड़े अभियान संचालित किए जाते हैं। इसके अलावा आदमपुर में घरेलू एयरपोर्ट भी संचालित है, जहां से बड़ी संख्या में लोग हवाई यात्रा करते हैं।
टीनू ने बताया कि परियोजना बंद होने के बाद वे 30 जुलाई 2025 को तीन अन्य सांसदों के साथ केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मिले थे और निर्माण कार्य दोबारा शुरू करने की जोरदार मांग उठाई थी। अब पंजाब सरकार द्वारा भेजे गए 257.32 करोड़ के नए एस्टीमेट से इस हाईवे को जल्द रफ्तार मिलने की उम्मीद जगी है।