कांगड़ा जिला में भारी बारिश का रेड अलर्ट सतर्क रहें सभी अधिकारी और नागरिक: डीसी



धर्मशाला:  कांगड़ा जिला में आगामी तीन दिनों तक भारी बारिश के ऑरेंज तथा रेड अलर्ट के मद्देनजर रविवार को उपायुक्त हेमराज बैरवा की अध्यक्षता में एक हाई लेवल वर्चुअल बैठक का आयोजन किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार कांगड़ा जिला में 20 जुलाई को ऑरेंज तथा 21 व 22 जुलाई को बारिश का रेड अलर्ट (Red Alert) जारी किया गया है। जिला में भारी बारिश के चलते किसी भी प्रकार का जानी माली नुकसान न हो इसके लिए प्रशासन पूर्ण रूप से तैयारियों में जुट गया है। उपायुक्त ने जिला वासियों और पर्यटकों से विशेष आग्रह किया है कि वे नदी नालों एवं जोखिम भरे क्षेत्रों के नजदीक बिल्कुल न जाएं ताकि मानव जीवन सुरक्षित रहे।

उपायुक्त ने पिछले वर्षों में हुई भारी बारिश से हुए नुकसान को ध्यान में रखते हुए सभी विभागों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। समस्त प्रशासनिक अधिकारियों और संबंधित विभागों को किसी भी विकट परिस्थिति से निपटने के लिए अपनी मशीनरी और मैनपावर तैयार रखने को कहा गया है। इसके साथ ही जिला एवं उपमंडल स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम को चौबीसों घंटे एक्टिव रखने के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। उपायुक्त ने बताया कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में नागरिक तत्काल जिला आपदा प्रबंधन केंद्र के टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क कर सकते हैं।

भूस्खलन वाले रास्तों पर वाहनों की आवाजाही रोकने के निर्देश

बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले के समस्त एसडीएम (SDM), एनएचएआई (NHAI) और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे यह सुनिश्चित करें कि लैंडस्लाइड (Landslide) व खतरे की जद वाले मार्गों एवं पुलों पर वाहनों की आवाजाही न हो। ऐसे संवेदनशील मार्गों को तुरंत वैकल्पिक रास्तों में बदला जाए। जहां वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था न हो वहां विभागीय कर्मचारियों और भारी मशीनरी की तैनाती हर हाल में सुनिश्चित की जाए।

इसके अलावा स्वास्थ्य एवं खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सभी संबंधित संस्थानों में आवश्यक खाद्य सामग्री व जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता पहले से ही सुनिश्चित कर लें ताकि भारी बारिश के कारण किसी क्षेत्र का संपर्क जिला मुख्यालय से कटने पर भी वहां कोई किल्लत न हो। पटवारी और पंचायत सचिवों सहित सभी फील्ड अधिकारियों को जिला मुख्यालय के निरंतर संपर्क में रहने के लिए कहा गया है।

पौंग डैम प्रशासन को समय पर सूचना देने की हिदायत

उपायुक्त ने पौंग डैम (Pong Dam) के अधिकारियों को भी कड़े निर्देश दिए हैं कि डैम से पानी छोड़ने की पूर्व सूचना निचले क्षेत्रों को समय रहते देना सुनिश्चित किया जाए। फ्लड संभावित पंचायतों में हूटर बजाने और डेंजर जोन की मार्किंग से छूटे हुए एरिया को जल्द से जल्द चिन्हित कर वहां सुरक्षा व्यवस्था स्थापित करने को कहा गया है। आपदा प्रबंधन (Disaster Management) को मजबूत करने के लिए सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

वर्चुअल माध्यम से आयोजित की गई इस महत्वपूर्ण बैठक में एसपी धर्मशाला, नूरपुर तथा देहरा, अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार, मुख्य अभियंता जल शक्ति, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, समस्त एसडीएम, आदेशक होमगार्ड और एसडीआरएफ (SDRF) के अधिकारियों सहित अन्य संबंधित विभागों के आला अफसर मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


Previous Post Next Post