मेरठ (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के हस्तिनापुर क्षेत्र में एक युवक की सांप के डसने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने एक बेहद चौंकाने वाला और शातिराना खुलासा किया है। जिसे शुरुआती तौर पर एक सामान्य हादसा समझा जा रहा था, वह वास्तव में सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई हत्या की वारदात निकली। मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने के लिए एक जहरीले सांप का इस्तेमाल किया था। इस सनसनीखेज हत्याकांड के पीछे ₹20 लाख की भारी-भरकम बीमा राशि (Insurance Amount) को हड़पने की साजिश और अवैध प्रेम संबंध मुख्य वजह बनकर सामने आए हैं।
पुलिस जांच के अनुसार, भंडोरा गांव के रहने वाले 35 वर्षीय अतुल पंवार अपनी पत्नी दामिनी के साथ हस्तिनापुर में एक पब्लिक स्कूल संचालित करते थे, जिन्होंने साल 2019 में प्रेम विवाह (Love Marriage) किया था। शुक्रवार सुबह दामिनी ने अतुल को सांप काटने की बात कहकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शक होने पर जब पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और मोबाइल कॉल डिटेल्स (CDR) को खंगाला, तो दामिनी के संबंध स्कूल के ड्राइवर तुषार उर्फ निक्की से मिले। पुलिस की सख्ती के आगे तुषार टूट गया और उसने कबूला कि गुरुवार रात दामिनी ने पहले अतुल को दूध में नींद की गोलियां दीं और फिर तुषार ने अपने साथियों सोनू व उदय की मदद से सपेरों से खरीदा हुआ जहरीला सांप अतुल के बिस्तर में छोड़ दिया।
तफ्तीश में यह भी सामने आया कि दामिनी और तुषार ने अतुल की मौत को हादसा दिखाकर ₹20 लाख के बीमे की रकम हड़पने और बाद में शादी करने का प्लान बनाया था। इस घिनौने काम में मदद के बदले दोनों साथियों को ₹5 लाख देने का वादा किया गया था। यही नहीं, करीब 20 दिन पहले भी आरोपियों ने अतुल को एक Ertiga Car से कुचलने की नाकाम कोशिश की थी, लेकिन हेलमेट की वजह से अतुल की जान बच गई थी। Meerut Police ने आरोपियों के मोबाइल फोन से वारदात में इस्तेमाल सांप की तस्वीरें बरामद कर ली हैं और सभी चारों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।