पंजाब को मिली 6 नेशनल स्कूल गेम्स की मेजबानी: लुधियाना में देशभर के खिलाड़ी दिखाएंगे दम, हरियाणा और चंडीगढ़ को भी मिला मौका



चंडीगढ़: पंजाब के खेल इतिहास में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) द्वारा स्कूल स्तर पर सत्र 2026-27 के लिए आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित नेशनल स्कूल गेम्स का आधिकारिक शेड्यूल जारी कर दिया गया है, जिसमें पंजाब को इस साल छह विभिन्न खेल स्पर्धाओं (Events) की राष्ट्रीय स्तर पर मेजबानी करने का गौरवपूर्ण मौका मिला है। जानकारी के अनुसार, इन सभी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का आयोजन स्थल 'मैनचेस्टर ऑफ इंडिया' कहे जाने वाले लुधियाना शहर को बनाया गया है। यह खेल प्रतियोगिताएं अक्टूबर से दिसंबर 2026 के बीच आयोजित की जाएंगी, जिसमें देश के कोने-कोने से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों (UTs) के लगभग 500 से 800 प्रतिभावान खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने पहुंचेंगे।

शेड्यूल के मुताबिक, लुधियाना में बास्केटबॉल (अंडर-17 और अंडर-19 लड़के व लड़कियां), फेंसिंग (अंडर-14 लड़के व लड़कियां), हैंडबॉल (अंडर-19 लड़के) तथा हॉकी (अंडर-19 लड़के व लड़कियां) की स्कूल नेशनल गेम्स का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, कराटे स्पर्धा में अंडर-14 कैटेगरी के लड़के-लड़कियों सहित अंडर-19 वर्ग की लड़कियों की राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी भी पंजाब को सौंपी गई है। खेल विभाग इन आयोजनों को विश्वस्तरीय बनाने के लिए बुनियादी ढांचों और खेल मैदानों को उन्नत (Upgrade) करने की तैयारियों में जुट गया है, जिससे पंजाब के स्थानीय खिलाड़ियों को भी नेशनल लेवल पर एक्सपोजर मिल सके।

पंजाब के साथ-साथ पड़ोसी राज्य हरियाणा और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ को भी विभिन्न खेलों की मेजबानी का अवसर दिया गया है। Haryana के अंबाला में फुटबॉल (अंडर-19 गर्ल्स), रोहतक में क्रिकेट (अंडर-19 Girls), दादरी में कबड्डी (अंडर-14 गर्ल्स) तथा पानीपत में कुश्ती (फ्री स्टाइल अंडर-19 और ग्रीको रोमन अंडर-17 व अंडर-19) की स्कूल नेशनल चैंपियनशिप आयोजित होगी। वहीं, चंडीगढ़ को सॉफ्टबॉल (अंडर-19 लड़के और लड़कियां) प्रतियोगिता की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ट्राई-सिटी और आसपास के राज्यों में होने वाले इन खेलों से पूरे उत्तर भारत में Sports Infrastructure को एक नया बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।


Previous Post Next Post