शौर्य चक्र विजेता लेफ्टिनेंट कमांडर सूरज पराशर के घर पहुंचे कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस, परिवार को दी बधाई



नंगल (रूपनगर): पंजाब के कैबिनेट मंत्री और श्री आनंदपुर साहिब निर्वाचन क्षेत्र के विधायक हरजोत सिंह बैंस ने शौर्य चक्र (Shaurya Chakra) वीरता पुरस्कार से सम्मानित लेफ्टिनेंट कमांडर सूरज पराशर के नंगल शहर के रेलवे रोड स्थित आवास पर पहुंचकर उनके परिवार को हार्दिक बधाई दी। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि नंगल के वीर सपूत लेफ्टिनेंट कमांडर सूरज पराशर की बहादूरी, देश के प्रति अटूट समर्पण और कर्तव्य निष्ठा की भावना पर पूरे पंजाब को गर्व है। उन्होंने कहा कि ऐसे जांबाज अधिकारी देश के लाखों युवाओं के लिए देशभक्ति और अनुशासन का एक महान प्रेरणा स्रोत बनते हैं।

हरजोत सिंह बैंस ने इस बात पर जोर दिया कि महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू (Droupadi Murmu) द्वारा लेफ्टिनेंट कमांडर सूरज पराशर को देश की सेवा में दिखाए गए अद्भुत साहस और शौर्य के लिए इस सर्वोच्च वीरता सम्मान से नवाजा जाना हर पंजाबी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान सिर्फ एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की प्रतिष्ठा और गौरव का प्रतीक है। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने सूरज पराशर की माता श्रीमती नरेश बाला, धर्मपत्नी और भाई चंद्र शेखर सहित परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और कहा कि परिवार के उच्च संस्कारों ने देश को यह बहादुर सपूत दिया है।

इस गौरवमयी अवसर पर रूपनगर के जिला अध्यक्ष डॉक्टर संजीव गौतम, चेयरमैन दीपक सोनी सहित बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित थे। क्षेत्रवासियों ने भी लेफ्टिनेंट कमांडर की इस अनूठी उपलब्धि पर भारी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि नंगल टाउनशिप के लिए यह एक ऐतिहासिक क्षण है। कैबिनेट मंत्री ने कामना की कि सूरज पराशर भविष्य में भी अपनी सेवा और बहादुरी से भारतीय नौसेना (Indian Navy) और देश का नाम और ऊंचा करेंगे।



Previous Post Next Post