हैदराबाद: हैदराबाद के शिवरामपल्ली स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल नेशनल पुलिस अकादमी (SVPNPA) में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक महिला ट्रेनी अधिकारी की गंभीर शिकायत पर अत्तापुर पुलिस ने ट्रेनी आईपीएस (IPS) अधिकारी उदय कृष्णा रेड्डी के खिलाफ यौन उत्पीड़न, मारपीट, ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया है।
पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, उत्पीड़न की यह सिलसिला जून के अंतिम सप्ताह से शुरू होकर कई हफ्तों तक चलता रहा। महिला अधिकारी का आरोप है कि आरोपी ने उसे अश्लील व आपत्तिजनक संदेश भेजे और साथी प्रशिक्षु अधिकारियों के सामने लगातार अपमानजनक टिप्पणियां कीं। इसके अलावा आरोपी ने जबरन उसका एक निजी वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और उसे ब्लैकमेल करने के लिए पीड़िता के पति को भेज दिया।
महिला अधिकारी ने 9 और 10 जुलाई की घटनाओं का खौफनाक ब्योरा देते हुए बताया कि आरोपी ने उसे जबरन रोककर अपने कमरे में खींचा, गला घोंटने की कोशिश की और गर्दन पर चाकू रखकर बंधक बना लिया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने उसके साथ गंभीर अभद्रता और शारीरिक हमला किया। अत्तापुर पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद नेशनल पुलिस अकादमी के प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।