देहरा पुलिस ने ‘कानून विद्यालय’ अभियान किया शुरू, नशे और अपराध पर कसेगा शिकंजा



देहरा: हिमाचल प्रदेश के देहरा जिले में अपराध नियंत्रण, नशे के खिलाफ कार्रवाई और कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से एक नई पहल की गई है। जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) मयंक चौधरी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में घोषणा की कि पुलिस ने ‘कानून विद्यालय’ नामक एक जागरूकता अभियान शुरू किया है। इस अभियान का उद्देश्य जनता को कानूनी जानकारी देना और पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना है।  

देहरा जिले में 1 जनवरी 2025 से अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 10 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें देहरा पुलिस स्टेशन में 4 केस, हरिपुर पुलिस स्टेशन में 3 केस, ज्वालामुखी पुलिस स्टेशन में 2 केस और रक्कड़ पुलिस स्टेशन में 1 केस दर्ज किया गया है। इन मामलों में पुलिस ने 1.309 किलोग्राम चरस, 25.95 ग्राम चिट्टा और 180 अफीम के पौधे जब्त किए हैं। साथ ही 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।  

आगामी नवरात्रों और अन्य बड़े आयोजनों को ध्यान में रखते हुए देहरा पुलिस ने बॉडी कैमरे की व्यवस्था की है। एसपी ने बताया कि ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी इन कैमरों का उपयोग करेंगे, जिससे यातायात व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाया जा सकेगा।  

अवैध खनन को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने एक व्हाट्सएप नंबर जारी किया है। नागरिक इस नंबर पर अवैध खनन की तस्वीरें और जानकारी भेज सकते हैं। पुलिस तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करेगी। देहरा पुलिस ने 17 मार्च 2025 से 15 जून 2025 तक ‘कानून विद्यालय’ नामक अभियान शुरू किया है। इस दौरान पुलिस टीमें ग्राम पंचायतों और शिक्षण संस्थानों में जाकर लोगों को विभिन्न कानूनी विषयों पर जागरूक करेंगी।  


इस अभियान में मुख्य रूप से तीन विषयों पर फोकस किया जाएगा।  

- साइबर अपराध: ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया सुरक्षा और डिजिटल सतर्कता।  

- मादक पदार्थ रोकथाम: नशे के दुष्प्रभाव और इससे बचाव के उपाय।  

- यातायात नियम: सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के पालन की जानकारी।  


एसपी मयंक चौधरी ने जनता से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय भाग लें और कानून के प्रति जागरूकता फैलाने में अपना योगदान दें। उन्होंने विश्वास जताया कि यह अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में मददगार साबित होगा। देहरा पुलिस का यह कदम अपराध और नशे के खिलाफ एक प्रभावी प्रयास है, जो समाज को सुरक्षित और जागरूक बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।

Previous Post Next Post