
कुरुक्षेत्र: हरियाणा-पंजाब के शंभू और खनौरी बॉर्डर पर धरना दे रहे किसानों पर पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। पंजाब पुलिस ने बॉर्डर को खाली करवा दिया और किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल और सरवन सिंह पंधेर समेत कई किसानों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने किसानों के पक्के मोर्चे और तंबुओं को जेसीबी की मदद से हटा दिया।
बॉर्डर को खाली कराए जाने के बाद आज इसके खुलने की संभावना है। इससे पहले, किसानों ने हरियाणा के कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आवास का घेराव करने की घोषणा की थी। इसके तहत किसान आज पिपली के चौधरी देवीलाल पार्क में महापंचायत करेंगे, जिसके बाद वे मुख्यमंत्री के आवास की ओर कूच करेंगे। इसको देखते हुए पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
बुधवार को चंडीगढ़ में केंद्रीय मंत्रियों के साथ किसान नेताओं की बैठक बेनतीजा रही। इसके बाद जब किसान नेता अपने धरने की ओर लौट रहे थे, तभी मोहाली में जगतपुरा प्वॉइंट पर पुलिस ने किसान नेता डल्लेवाल और पंधेर सहित कई अन्य को हिरासत में ले लिया।