रेवाड़ी: रेवाड़ी के प्रसिद्ध पर्वतारोही नरेंद्र सिंह यादव इस स्वतंत्रता दिवस पर भारत का गौरव बढ़ाने के लिए एक बार फिर तैयार हैं। वे 15 अगस्त 2025 को यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रस पर तिरंगा फहराएंगे। यह उनका इस शिखर पर तीसरा सफल प्रयास होगा, जिससे वे इसे तीन बार फतह करने वाले पहले भारतीय पर्वतारोही बन जाएंगे। इस उपलब्धि के साथ नरेंद्र सिंह एक नया वैश्विक रिकॉर्ड भी अपने नाम करेंगे।
नरेंद्र सिंह 6 अगस्त को रूस के लिए रवाना होंगे, जहां वे एक अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोहण दल का नेतृत्व करेंगे। यह भारत के लिए एक और सम्मान की बात होगी। इससे पहले उन्होंने वर्ष 2017 और 2023 में माउंट एल्ब्रस पर सफलता प्राप्त की थी। नरेंद्र पर्वतारोहण के क्षेत्र में अग्रणी होने के साथ-साथ राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत सामाजिक अभियानों से भी जुड़े हुए हैं। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक और विश्व हिंदू परिषद के सक्रिय कार्यकर्ता हैं।
नरेंद्र द्वारा चलाया गया "रन फॉर राम" अल्ट्रा मैराथन अभियान देशभर में चर्चा का विषय रहा है। इस अभियान के तहत उन्होंने अब तक रामेश्वरम, सोमनाथ और बूढ़ा अमरनाथ से अयोध्या तक कुल 6211 किलोमीटर की दौड़ पूरी की है। वे प्रतिदिन औसतन 51 किलोमीटर दौड़ते हैं। इस अभियान की अंतिम कड़ी जनवरी 2026 में अरुणाचल प्रदेश के परशुराम कुंड से शुरू होगी।
अब नरेंद्र सिंह यादव का अगला लक्ष्य ‘एक्सप्लोरर्स ग्रैंड स्लैम’ को पूरा करना है, जिसके तहत वे सातों महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों के साथ-साथ उत्तरी और दक्षिणी ध्रुव पर भी पहुंचने का संकल्प रखते हैं। इसके अतिरिक्त, वे प्रत्येक महाद्वीप के ज्वालामुखीय पर्वतों पर चढ़ाई करके भारत को विश्व पर्वतारोहण मानचित्र पर और ऊंचा स्थान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जब नरेंद्र सिंह यादव माउंट एल्ब्रस की चोटी पर तिरंगा फहराएंगे, वह क्षण भारत की असीम साहसिक शक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक बन जाएगा।