फाजिल्का पुलिस ने पाकिस्तान से जुड़े हथियार तस्करी मॉड्यूल का किया भंडाफोड़



फाजिल्का: पंजाब में फाजिल्का पुलिस ने पाकिस्तान से जुड़े सीमा पार हथियार तस्करी के एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पंजाब पुलिस के डीजीपी ने इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने विदेशी संचालकों के इशारे पर काम कर रहे थे।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से पांच विदेशी पिस्तौल और नौ मैगजीन बरामद की हैं। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि ये हथियार पाकिस्तान स्थित विदेशी संस्था के माध्यम से पंजाब में आपराधिक गिरोहों तक पहुंचाए जा रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में सुरिंदर सिंह और गुरप्रीत शामिल हैं, जो अपने विदेशी संचालकों की मदद से हथियारों को आपराधिक समूहों तक पहुंचाते थे। मामले में फाजिल्का थाना में शस्त्र अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस अब पूरे गिरोह की तलाश में जुटी है। बीएसएफ और एसएसओसी ने फाजिल्का जिले के महार खीवा मानसा गांव के पास रात में रणनीतिक घेराबंदी कर संदिग्ध गतिविधि को देखा। लंबे समय तक निगरानी के बाद एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ। इसके बाद उसी गांव से आरोपी का साथी भी गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी फाजिल्का के गांव तेजा रोहेला और गांव महार जमशेर के निवासी हैं।

पंजाब पुलिस लगातार ऐसी कार्रवाई करके राज्य में सुरक्षा सुनिश्चित करने और सीमा पार से हथियार तस्करी को रोकने में जुटी हुई है। 12 सितंबर को भी इसी तरह पाकिस्तान से जुड़े हथियार तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया गया था, जिसमें 18 पिस्तौल, 1,847 कारतूस और 42 मैगजीन बरामद की गई थीं।

Previous Post Next Post