नई दिल्ली: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली में केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात की। इस दौरान राज्य मंत्री राजेश नागर भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने बताया कि बैठक में प्रदेश और केंद्र से जुड़े सात से आठ अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। धान की प्रोक्योरमेंट पर विशेष वार्ता हुई और राज्य के लिए आवंटित 15 लाख मैट्रिक टन स्पेस को बढ़ाकर 30 लाख मैट्रिक टन कर दिया गया। इसके अलावा खरीफ की फसलों के उठान पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आगामी हरियाणा दौरे का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि राज्य में तीन नए क्रिमिनल कानून लागू करने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 3 अक्टूबर को कुरुक्षेत्र में इन कानूनों की प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी, जिसका उद्घाटन अमित शाह स्वयं करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने विशेष योजना की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में "विशेष सेवा पखवाड़ा" आयोजित होगा। इस दौरान महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जांच, ब्लड डोनेशन और अन्य जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य स्वस्थ महिला और सशक्त परिवार के लक्ष्य को आगे बढ़ाना है।