पंजाब में धान की फसल पर ‘चीनी वायरस’ का कहर, 9 हजार हेक्टेयर फसल बर्बाद



संगरूर: बाढ़ के बाद अब पंजाब के किसानों पर नई मुसीबत आ गई है। राज्य के कई जिलों में धान की फसल रहस्यमयी ‘चीनी वायरस’ की चपेट में आने लगी है। यह वायरस पकी हुई फसल को तेजी से बर्बाद कर रहा है। अब तक रूपनगर, फतेहगढ़ साहिब, पठानकोट, मोहाली, मानसा, संगरूर और पटियाला जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। जानकारी के अनुसार करीब 9 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में धान की फसल नष्ट हो चुकी है।

कृषि विभाग और पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के विशेषज्ञ प्रभावित जिलों का दौरा कर रहे हैं। विभाग की 10 टीमें किसानों से बातचीत कर रही हैं और वायरस पर नियंत्रण के उपाय तलाश रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि बाढ़ का पानी खेतों में जमा रहने से इस वायरस के और फैलने का खतरा है।

नाभा विधानसभा क्षेत्र के रोहटी बस्ता सिंह गांव के किसान हरदीप सिंह और मक्खन सिंह ने बताया कि उन्होंने ठेके पर जमीन लेकर धान की खेती की थी, लेकिन पूरी फसल इस वायरस से बर्बाद हो गई है। मजबूरी में उन्हें अब फसल को जोतना पड़ रहा है। किसानों ने पंजाब सरकार से नुकसान की भरपाई और मुआवजे की मांग की है।

Previous Post Next Post