गोहाना: जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने आरोप लगाया है कि बीती 7 दिसंबर को जुलाना में जेजेपी की स्थापना रैली की सफलता से बौखलाई और घबराई भाजपा सरकार ने जेजेपी नेताओं की सुरक्षा वापस ले ली है। उन्होंने कहा कि इससे यह प्रतीत होता है कि प्रदेश के डीजीपी ओपी सिंह एक सामान्य सेवक की तरह नहीं, बल्कि तानाशाह के तौर पर कार्य कर रहे हैं और सरकार के इशारे पर काम कर रहे हैं। वे आज गुरुवार को चौटाला हाउस में मीडिया से रूबरू हो रहे थे।
युवा जेजेपी प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने इस अवसर पर अपराधों का रिकॉर्ड प्रस्तुत करते हुए राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो की एक रिपोर्ट का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि अपराध के मामले में हरियाणा आज पूरे देश में चौथे स्थान पर आ गया है। उन्होंने बताया कि अपहरण के मामले निरंतर बढ़ रहे हैं, जहाँ वर्ष 2021 में अपहरण के 3554 मामले दर्ज किए गए थे, वहीं वर्ष 2023 में ये आंकड़ा 4149 तक पहुँच गया है। उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी सुरक्षा की चिंता नहीं है, बल्कि पुलिस प्रशासन को प्रदेश की जनता की सुरक्षा करनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जुलाना में जेजेपी की रैली की सफलता के बाद सरकार ने जानबूझकर जेजेपी को ही लक्षित कर सुरक्षा वापस ली है, जो राजनीतिक बदला है।
दिग्विजय चौटाला ने गोहाना रैली की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं का आभार जताया और कहा कि जेजेपी अब विपक्ष की भूमिका में है। उन्होंने फसल खराबे के मुआवजे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेशभर से जहाँ पाँच लाख किसानों ने पोर्टल पर रिकॉर्ड जमा करवाया था, वहीं सरकार ने महज 50 हजार किसानों को ही मुआवजे का पात्र माना है, जिससे साढ़े चार लाख किसानों में रोष है। उन्होंने सरकार से वंचित किसानों को भी मुआवजा राशि जारी करने की माँग की। उन्होंने बताया कि युवा योद्धा सम्मेलन के चार सफल चरणों के बाद पाँचवें चरण की शुरुआत 28 दिसंबर से जिला भिवानी से की जाएगी। इसके अलावा, आगामी 13 मार्च को राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला के जन्मदिन को युवा क्रांति दिवस के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने डॉक्टर्स की हड़ताल पर सरकार से उनकी मांगों पर गहनता से विचार करने की भी अपील की।