गाजियाबाद: गाजियाबाद के ग्रेटर नोएडा के दादरी से समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने हाल ही में फ़िल्मों के माध्यम से पाकिस्तान के खिलाफ नफरत फैलाने का गंभीर आरोप लगाया है। भाटी का कहना है कि भारत के कई साहित्यकार और फिल्ममेकर पाकिस्तान को लेकर एक तरह के फोबिया (डर या सनक) में रहते हैं।
हाल ही में रिलीज़ हुई फ़िल्म 'धुरंधर' को लेकर भाटी ने कहा कि यह फ़िल्म केवल नफरत फैला रही है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, "हमारे कवि और फिल्मकार पाकिस्तान को गाली देकर प्रसिद्धि पाते हैं। लेकिन कई रचनाकारों ने ऐसी रचनाएँ भी दी हैं, जो भारत-पाकिस्तान एकता का संदेश देती हैं।" भाटी ने 'वीर ज़ारा' फिल्म का उदाहरण देते हुए कहा कि उसमें दोनों देशों के बीच भाईचारे का संदेश दिया गया था। उन्होंने यह भी साफ किया कि 'धुरंधर' जैसी फ़िल्में जनहित में नहीं हैं।
भाटी ने राजनेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कई राजनीतिज्ञ सिर्फ वोट हासिल करने के लिए पाकिस्तान को गाली देते हैं। उन्होंने तर्क दिया, "भारत और पाकिस्तान की जनता को इससे नुकसान होता है। अगर हम मित्रता और भाईचारे की बात करेंगे, तो दोनों देशों को फायदा होगा। भारत को भी सिर्फ पाकिस्तान को कोसने की मानसिकता नहीं अपनानी चाहिए, इससे किसी को लाभ नहीं मिलेगा।" राजकुमार भाटी के इस बयान ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है, जहाँ कई यूजर्स उनके पाकिस्तान के प्रति सहानुभूति रखने पर सवाल उठा रहे हैं और कुछ इसे आगामी यूपी चुनाव 2027 के राजनीतिक असर से भी जोड़कर देख रहे हैं।