नॉर्टे डी सैंटेंडर (कोलंबिया): दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया से एक अत्यंत दुखद विमान दुर्घटना की खबर सामने आई है, जहाँ पूर्वोत्तर प्रांत नॉर्टे डी सैंटेंडर के दुर्गम ग्रामीण इलाके में एक छोटा यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बुधवार को हुए इस हादसे में कोलंबियाई संसद के सदस्य (प्रतिनिधि सभा) Diogenes Quintero समेत विमान में सवार सभी 15 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सरकारी विमानन कंपनी 'सटेना' (Satena) द्वारा संचालित इस विमान (Beechcraft 1900D) ने कुकुटा से ओकाणा के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन लैंडिंग से कुछ मिनट पहले ही इसका संपर्क एयर ट्रैफिक कंट्रोल से टूट गया।
कोलंबियाई परिवहन मंत्रालय और नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने पुष्टि की है कि विमान का मलबा वेनेजुएला सीमा के पास स्थित कैटाटुम्बो के घने जंगलों और पहाड़ी क्षेत्र में मिला है। मृतकों में 13 यात्री और 2 क्रू सदस्य शामिल थे। 36 वर्षीय सांसद डियोजेनेस क्विंटरो सशस्त्र संघर्ष के पीड़ितों के सशक्त प्रतिनिधि और मानवाधिकार कार्यकर्ता के रूप में जाने जाते थे। उनके साथ सामाजिक नेता और आगामी चुनाव के उम्मीदवार कार्लोस साल्सेडो की भी इस हादसे में जान चली गई। राहत दलों को खराब मौसम और दुर्गम पहाड़ियों के कारण शवों को बरामद करने में भारी मशक्कत का सामना करना पड़ा।
यह हादसा महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री Ajit Pawar के विमान दुर्घटना के ठीक एक दिन बाद हुआ है, जिससे वैश्विक स्तर पर विमान सुरक्षा को लेकर चिंताएँ बढ़ गई हैं। कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है। शुरुआती जांच में दुर्घटना का कारण खराब दृश्यता और जटिल भौगोलिक परिस्थितियाँ मानी जा रही हैं, हालांकि सरकार ने मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।