गुरुग्राम: दिल्ली से सटे Dwarka Expressway पर रील बनाने और स्टंटबाजी करने का शौक चार युवकों को भारी पड़ गया है। गुड़गांव पुलिस ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहित वात्स (30 वर्ष), गोपी रमन (26 वर्ष), विजय शर्मा (30 वर्ष) और रवि शंकर मिश्रा (29 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने इन युवकों के कब्जे से स्टंट में इस्तेमाल की गई Kia Sonet और Maruti Swift कारें भी बरामद कर ली हैं।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये सभी आरोपी 26 जनवरी को दिल्ली से अरावली हिल्स घूमने आए थे। वापसी के दौरान इन्होंने द्वारका एक्सप्रेसवे के सेक्टर-102 के पास चलती गाड़ियों की सनरूफ से बाहर निकलकर खतरनाक तरीके से वीडियो बनाई और उसे Instagram पर अपलोड कर दिया। वीडियो में साफ देखा जा सकता था कि गाड़ियां तेज रफ्तार में थीं और सनरूफ से बाहर निकले युवक न केवल अपनी बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी जोखिम में डाल रहे थे।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए Rajendra Park थाना के अंतर्गत धनकोट चौकी पुलिस ने धारा 125, 281 और 285 Bharatiya Nyaya Sanhita (BNS) के तहत मामला दर्ज किया था। उप-निरीक्षक जगमाल के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों को गुड़गांव-दिल्ली बॉर्डर से काबू किया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि एक्सप्रेसवे पर रील बनाने या स्टंट करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।