लॉस एंजिल्स: हॉलीवुड के दिग्गज गायक और अभिनेता Marc Anthony (मार्क एंथोनी) के घर एक बार फिर नन्हे मेहमान की दस्तक होने वाली है। 57 साल की उम्र में साल्सा किंग मार्क एंथोनी अपने आठवें बच्चे के पिता बनने जा रहे हैं। उनकी 26 वर्षीय पत्नी और पूर्व मिस यूनिवर्स पैराग्वे Nadia Ferreira (नादिया फरेरा) ने अपनी तीसरी वेडिंग एनिवर्सरी के खास मौके पर अपनी दूसरी गर्भावस्था की घोषणा की है। इस जोड़े ने इंस्टाग्राम पर एक बेहद भावुक तस्वीर साझा की, जिसमें मार्क और उनके नन्हे बेटे 'मार्क्विटो' का हाथ नादिया के बेबी बंप पर नजर आ रहा है।
मार्क एंथोनी और नादिया ने कैप्शन में लिखा, "तीसरी सालगिरह मुबारक! मार्क्विटो अब बड़ा भाई बनने जा रहा है।" इस पोस्ट के सामने आते ही हॉलीवुड और खेल जगत की हस्तियों ने उन्हें बधाइयां देनी शुरू कर दी हैं, जिसमें मार्क के करीबी दोस्त और फुटबॉल दिग्गज David Beckham (डेविड बेकहम) भी शामिल हैं। आपको बता दें कि नादिया और मार्क ने साल 2023 में शादी की थी और उसी साल उन्होंने अपने पहले बेटे मार्को का स्वागत किया था। 31 साल के उम्र के फासले के बावजूद यह कपल हॉलीवुड के सबसे चर्चित और खुशहाल जोड़ों में से एक माना जाता है।
मार्क एंथोनी के परिवार की बात करें तो यह उनका कुल आठवां बच्चा होगा। उनके पहले से ही सात बच्चे हैं, जिनमें Jennifer Lopez (जेनिफर लोपेज) के साथ उनके जुड़वां बच्चे एमे और मैक्सिमिलियन (17) शामिल हैं। इसके अलावा, उनके पूर्व पार्टनर डेबी रोसाडो के साथ एक बेटी एरियाना (31) और गोद लिया हुआ बेटा चेज (30) है, जबकि पूर्व पत्नी डायनारा टोरेस के साथ उनके दो बेटे क्रिस्टियन (24) और रयान (22) हैं। अपनी सुरीली आवाज के लिए 4 ग्रैमी और 8 लैटिन ग्रैमी जीत चुके मार्क अब अपने जीवन के इस नए अध्याय का आनंद लेने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।