हल्द्वानी (उत्तराखंड): उत्तराखंड के हल्द्वानी में वेलेंटाइन वीक के जश्न के बीच एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है जिसने प्यार के इस हफ्ते को मातम में बदल दिया। गल्ला मंडी इलाके में एक प्रेमी जोड़े, शुभम और लक्ष्मी की नृशंस हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि यह पूरी घटना शराब के नशे में शुरू हुए विवाद और युवती के साथ की गई छेड़छाड़ का नतीजा थी। आरोपियों ने पकड़े जाने के डर से शुभम और लक्ष्मी दोनों को पत्थरों से कूचकर मौत के घाट उतार दिया।
शुभम (निवासी अल्मोड़ा) और लक्ष्मी (निवासी नैनीताल) की प्रेम कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं थी। दोनों की पहली मुलाकात एक मेडिकल स्टोर पर हुई थी जहाँ लक्ष्मी काम करती थी। धीरे-धीरे यह जान-पहचान प्यार में बदली और पिछले डेढ़ महीने से दोनों डहरिया इलाके में 'लिव-इन' में रह रहे थे। वे जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले थे, लेकिन बुधवार की रात गल्ला मंडी में हुई एक शराब पार्टी उनके जीवन की आखिरी रात साबित हुई।
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर और उसके साथियों सौरभ भट्ट, दीपू शर्मा और दीपेश लटवाल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। जानकारी के अनुसार, शुभम और अक्कू पुराने दोस्त थे और नशे की लत के कारण एक-दूसरे के संपर्क में आए थे। बुधवार रात पार्टी के दौरान आरोपियों ने लक्ष्मी के साथ बदतमीजी और छेड़छाड़ शुरू कर दी। जब शुभम ने इसका कड़ा विरोध किया, तो विवाद इतना बढ़ गया कि चारों ने मिलकर शुभम पर पत्थरों से हमला कर दिया।
जब लक्ष्मी ने शोर मचाना शुरू किया और भागने की कोशिश की, तो आरोपियों ने पकड़े जाने के डर से उसे भी नहीं बख्शा। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उन्होंने लक्ष्मी के सिर पर भी भारी पत्थरों से वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। Haldwani Police ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपियों को दबोच लिया। एसएसपी नैनीताल ने बताया कि नशे की हालत में उपजा यह विवाद एक हंसते-खेलते जोड़े की जान ले बैठा। आरोपियों के खिलाफ BNS की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।