झज्जर (हरियाणा): हरियाणा के झज्जर जिले में बादली थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव पाहसौर के पास हुई एक महिला की सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के दिशा-निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए Jhajjar Police ने महक नाम की महिला की हत्या के आरोप में उसके पति अंशुल धवन को गिरफ्तार किया है। आरोपी पति जो पेशे से एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) है ने अपनी पत्नी की तेजधार हथियार से हत्या करने के बाद पूरी वारदात को एक हादसे और लूट की कहानी के रूप में पेश करने की कोशिश की थी। महक गुड़गांव के एचडीएफसी बैंक में कार्यरत थी और दोनों की शादी मात्र पांच महीने पहले 25 सितंबर 2025 को हुई थी।
घटना के अनुसार रविवार शाम दोनों हिसार से अपनी कार में सवार होकर गुड़गांव के लिए निकले थे। रास्ते में पाहसौर गांव के पास महक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला जिस पर तेजधार हथियार के गहरे निशान थे। मृतका के भाई अक्षय की शिकायत पर पुलिस ने जब वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की तो आरोपी पति के बयानों में विरोधाभास पाया गया। BNS (भारतीय न्याय संहिता) के तहत दर्ज इस मामले में पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी अंशुल अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था और इसी रंजिश के चलते उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
परिजनों का आरोप है कि अंशुल शादी के बाद से ही महक के साथ अक्सर झगड़ा करता था। पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं और वारदात में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। झज्जर पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने आरोपी के उस झूठ का पर्दाफाश कर दिया जिसमें उसने पहले इसे एक बाहरी हमला और लूट बताने का प्रयास किया था। आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है ताकि हत्या के पीछे के अन्य संभावित कारणों और योजना की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।