नई दिल्ली: भारत में बदलती सामाजिक सोच और बढ़ती जागरूकता का असर अब लोगों की खरीदारी के तरीकों में साफ दिखने लगा है। साल 2026 के Valentine Week के दौरान सामने आए आंकड़ों ने सबको चौंका दिया है क्योंकि इस बार केवल चॉकलेट और फूलों की ही नहीं बल्कि सेक्सुअल वेलनेस और पर्सनल केयर प्रोडक्ट्स की मांग ने पिछले सभी रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। क्विक कॉमर्स ऐप्स की ताजा रिपोर्ट के अनुसार 7 से 14 फरवरी के बीच कंडोम और इंटिमेसी प्रोडक्ट्स की बिक्री में साल 2025 के मुकाबले तीन गुना (3x) जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि अब भारतीय समाज इन विषयों को 'टैबू' मानकर झिझकने के बजाय सुरक्षा और सेहत को लेकर अधिक मुखर और जिम्मेदार हो रहा है।
वैलेंटाइन डे पर केवल वेलनेस ही नहीं बल्कि ब्यूटी और पर्सनल केयर कैटेगरी में भी भारतीयों ने दिल खोलकर खर्च किया है। ओड़िशा के कटक में एक ग्राहक ने एक ही आर्डर में ₹15,093 का मेकअप सामान मंगवाकर सबको हैरान कर दिया तो वहीं सूरत के एक यूजर ने बाथ और हेयर केयर प्रोडक्ट्स पर ₹10,845 खर्च किए। हालांकि रोमांस के पारंपरिक तरीके भी पूरी तरह बरकरार हैं जहाँ कोलकाता के एक शख्स ने ₹25,000 की चॉकलेट्स का आर्डर दिया और टेडी डे पर खिलौनों की बिक्री में 568% का भारी उछाल देखा गया। दिलचस्प बात यह है कि वैलेंटाइन कार्ड भेजने के मामले में इस बार Bengaluru ने दिल्ली और मुंबई जैसे महानगरों को भी पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया है।