नई दिल्ली: कोलंबो का आर प्रेमदासा स्टेडियम रविवार को पूरी तरह से 'ब्लू जर्सी' के रंग में रंगा नजर आया, जहाँ भारतीय टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 61 रनों से करारी शिकस्त दी। इस जीत के सबसे बड़े हीरो ईशान किशन (Ishan Kishan) रहे, जिन्होंने पाकिस्तान की स्पिन रणनीति को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। जहाँ पाकिस्तानी टीम अभिषेक शर्मा के लिए जाल बुनकर आई थी, वहीं ईशान किशन उनके लिए 'आउट ऑफ सिलेबस' प्रश्न पत्र की तरह साबित हुए। ईशान ने अपनी तूफानी पारी में 77 रन ठोककर भारत को 175 रनों के चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुँचाया।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह असहाय नजर आई। जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह की धारदार गेंदबाजी के आगे पाकिस्तान की पूरी टीम महज 18 ओवरों में 114 रनों पर सिमट गई। भारत की यह टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत है, जिसने सेमीफाइनल की राह को और आसान कर दिया है। सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) की कप्तानी में भारतीय टीम ने मैदान के हर विभाग में पाकिस्तान को बौना साबित कर दिया।
मैच की शुरुआत पाकिस्तान के लिए अच्छी रही थी। कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी और खुद पहला ओवर फेंककर अभिषेक शर्मा को शून्य पर पवेलियन भेज दिया। पाकिस्तान ने इस मैच में अनोखी रणनीति अपनाते हुए छह स्पिनरों का इस्तेमाल किया और पूरे 20 में से 18 ओवर स्पिनरों से ही फिंकवाए। लेकिन ईशान किशन ने स्वीप और रिवर्स स्वीप का शानदार इस्तेमाल करते हुए पाकिस्तानी चक्रव्यूह को तोड़ दिया। उन्होंने पावरप्ले के छह ओवरों में अकेले 42 रन कूट डाले, जो भारत-पाक टी-20 इतिहास में एक नया रिकॉर्ड है।
ईशान की इस पारी में 3 गगनचुंबी छक्के और 10 चौके शामिल थे। पाकिस्तान की तरफ से केवल शाहीन अफरीदी ने ही दो ओवर तेज गेंदबाजी की, बाकी समय स्पिनरों का ही बोलबाला रहा। हालांकि, ईशान के अलावा अन्य भारतीय बल्लेबाज संघर्ष करते दिखे, लेकिन अंत में रिंकू सिंह और शिवम दुबे के कैमियो ने स्कोर को 175 तक पहुँचा दिया। पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा का अभिषेक को आउट करने का 'स्पिन मूव' तो सफल रहा, लेकिन वे ईशान किशन की आंधी को रोकने में नाकाम रहे। इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे भारत में जश्न का माहौल है।