जंडली पुल के पास भीषण सड़क हादसा: बेकाबू कार ने ऑटो को मारी टक्कर, बिहार के व्यक्ति की मौत और 10 घायल


अंबाला (हरियाणा): अंबाला के जंडली पुल के समीप एक तेज रफ्तार कार के कहर ने खुशियों भरे सफर को मातम में बदल दिया। रविवार को एक अनियंत्रित कार ने सवारियों से भरे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ऑटो पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में बिहार के रहने वाले एक व्यक्ति भूपेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। घटना के बाद आरोपी कार चालक वाहन सहित मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

पुलिस को दी गई शिकायत में बिहार की रहने वाली आशा कुमारी ने बताया कि वह अपनी बहन मनीषा और पिता भूपेंद्र सिंह के साथ कैंट रेलवे स्टेशन के बाहर से ऑटो में बैठकर चंडीगढ़ जा रही थीं। ऑटो में क्षमता से अधिक कुल 11 लोग सवार थे। जैसे ही वे जंडली पुल के पास पहुंचे, पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो कई बार पलटते हुए सड़क किनारे जा गिरा। हादसे में आशा के पिता की जान चली गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य लहूलुहान हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां बिहार के ही निवासी जंगबहादूर की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए PGI Chandigarh रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों में फिजा (मुरादाबाद), 5 वर्षीय अली (दिल्ली), सुरेश (गोपालगंज), राजपाल और उनकी पत्नी राम देवी (लखीमपुर), और वनीता (सीतामढ़ी) शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों को छुट्टी दे दी गई है।

पुलिस ने मृतक भूपेंद्र की बेटी आशा के बयानों के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ BNS (भारतीय न्याय संहिता) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के लगे CCTV Cameras की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार कार का नंबर और चालक की पहचान की जा सके। Ambala Police ने इस घटना के बाद ओवरलोड ऑटो रिक्शा और ओवरस्पीडिंग के खिलाफ सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं।



Previous Post Next Post