पावरकॉम का बड़ा फैसला: वर्षों पुराना 'सैप सिस्टम' होगा बंद, नए सॉफ्टवेयर की एंट्री से 15 दिनों तक बिजली बिल और मीटर के काम अटकने के आसार



लुधियाना: पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) अपने वर्षों पुराने 'सैप सिस्टम' (SAP System) को पूरी तरह से विदा करने की तैयारी में है। पावरकॉम विभाग अब इसे बदलकर नई तकनीक वाला 'इनफिनाइड एप' (Infinite App) शुरू करने जा रहा है। हालांकि, इस तकनीकी बदलाव ने लुधियाना सहित पूरे पंजाब के उपभोक्ताओं की टेंशन बढ़ा दी है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, फरवरी महीने के दौरान सेंट्रल जोन के अंतर्गत आने वाले सभी कार्यालयों में बिलिंग सिस्टम, नए मीटर के आवेदन और अन्य ऑनलाइन सेवाएं करीब 15 दिनों तक पूरी तरह ठप्प रह सकती हैं।

नए सिस्टम को लागू करने से पहले विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर 'पेंडिंग' कामों को निपटाने का भारी दबाव है। बताया जा रहा है कि पिछले एक साल से हजारों उपभोक्ताओं के नए मीटर लगाने, लोड बढ़ाने और खराब मीटरों को बदलने के मामले लंबित पड़े हैं। अब नए सॉफ्टवेयर में डेटा माइग्रेट करने से पहले इन सभी फाइलों को 'क्लोज' करना अनिवार्य है। इसके लिए कर्मचारी युद्ध स्तर पर जुटे हैं, लेकिन उपभोक्ताओं का आरोप है कि कागजी कार्रवाई तो पूरी की जा रही है, मगर जमीनी स्तर पर उनके काम अब भी अधूरे हैं।

इस पूरे मामले पर पावरकॉम के चीफ इंजीनियर जगदेव सिंह हांस ने स्पष्ट किया है कि तकनीक को अपग्रेड करना उपभोक्ताओं के हित में है। उन्होंने दावा किया कि विभाग की टीम दिन-रात काम कर रही है ताकि तय समय के भीतर सारा पिछला रिकॉर्ड दुरुस्त कर लिया जाए और उपभोक्ताओं को भविष्य में अधिक पारदर्शी व उच्च स्तरीय सेवाएं मिल सकें। विभाग ने आश्वासन दिया है कि नई प्रणाली लागू होने के बाद बिलिंग और शिकायत निवारण की प्रक्रिया पहले से कहीं अधिक तेज हो जाएगी।

इस तकनीकी बदलाव के दौरान उपभोक्ताओं को सलाह दी जा रही है कि वे अपने बिजली बिलों का भुगतान और जरूरी आवेदन समय रहते निपटा लें। माना जा रहा है कि 15 फरवरी के आसपास सिस्टम को माइग्रेट करने के लिए सर्वर डाउन किया जा सकता है, जिससे Ludhiana, जालंधर और अमृतसर जैसे शहरों में ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित होंगी।


Previous Post Next Post